Thursday, 26 May 2016

यात्रा देवत्व की ओर

                          

                           यात्रा देवत्व की ओर  

    हम अभी बाल्यावस्था से अनेक कथाएँ सुनते-पढ़ते आए है जिसमें देवताओं एवं असुरों के मध्य युद्ध का वर्णन मिलता है | इन कथाओं में असुरों की आसुरी वृति के वृतांत सुनकर व पढ़कर आश्चर्य होता है कि ऐसा निकृष्ट कार्य कोई कैसे कर सकता है | और जब कथा के अंत में वर्णन आता है कि अमुक देवता ने अमुक असुर का अंत कर दिया तो मन में प्रसन्नता का भाव उदय होता है |

    किंतु क्या आपने कभी इन कथाओं का गम्भीरता से चिन्तन-मनन किया है ? यदि गहराई से विचार करें तो आप पाएँगे कि ये देवता और असुर कोई और नहीं अपितु मनुष्य के मन में उठने वाली दैवी एवं आसुरी वृतियां ही है | गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने दैवी एवं असुरी सम्पदा का उल्लेख किया है | वस्तुतः देवता और राक्षस दोनों ही हमारे मन में सदैव उपस्थित रहते है | जीवन में प्रतिफल, प्रतिक्षण उनमे युद्ध चलता है | देवता से अर्थ है –हमारे मन की सात्विक वृति, सद्गुण, सुविचार एवं सुकर्म की भावना – पवित्रता, कर्मठता, उत्साह, सकारात्मकता, परोपकार, प्रेम, साधना, भक्ति, त्याग, शालीनता, शांति — यह हमारी दैवी सम्पदा है, हमारे भीतर की दैवी शक्ति है | इसके विपरीत असुर से तात्पर्य है – हमारे मन की तामसिक वृति, दुर्गुण, कुविचार एवं कुकर्म की भावना – आलस्य, प्रमाद, हिंसा, ईर्ष्या-द्वेष्, क्रोध, स्वार्थ, नकारात्मकता, घृणा, छल-कपट – यह आसुरी सम्पदा है, हमारे भीतर की आसुरी वृति है |

      जीवन के हर मोड़ पर, हर पढ़ाव पर, हर पल इनमें युद्ध होता है | जब दैवी वृति आसुरी वृति को परास्त कर उस पर हावी हों जाती है | तो हम सद्गुरु के, ईश्वर के निकट हो जाते है, उनकी कृपाओ के पात्र बन जाते है | किंतु जब आसुरी वृति दैवी वृति को परास्त कर देती है तो हम सद्गुरु से, ईश्वर से दूर हों जाते है |

       इसे उदाहरण से समझिए – उषाकाल की पवित्र बेला, आसमान में चंद्रमा व सितारों का साम्राज्य चल रहा है, भगवान भुवनभास्कर का साम्राज्य व्याप्त होने को तत्पर है, पक्षियों की आवाजें कर्णो में आने लगी है | मनुष्य की निंद्रा में अलसाई आँख खुलती है, भीतर से प्रभात का संकेत मिलता है और इसी क्षण देवताओं व असुरों का युद्ध शुरू हो जाता है | प्रभात के सौंदर्य का अपन दिव्य आकर्षण है, चारों ओर सात्विकता है, ध्यान, जप भक्ति की मधुर बेला है किंतु दूसरी ओर निंद्रा का अपना आकर्षण है | अलसाई आँखे क्षण भर को खुलती है, फिर बंद हों जाती है | मन में एक द्वंद का जन्म होता है | मन की दैवी वृति जागने के लिए प्रेरित करती है, शैया का त्याग कर, स्नान-ध्यान- पूजन के लिए प्रेरित करती है तो आसुरी वृति निंद्रा की ओर प्रेरित करती है, निंद्रा के आकर्षण में बाँधती है | कुछ क्षण तक यह युद्ध चलता है | जिस व्यक्ति में दैवी वृति विजयी होती है,वह शैया का त्याग कर उठ खड़ा होता है| इसके विपरीत जिस व्यक्ति में आसुरी वृति जीत जाती है वह आँखे खोलकर भी, भीतर के संकेतों को सुना-अनसुना कर पुन: निंद्रित हों जाता है | प्रभात का समय गवाँकर स्वास्थ्य व परमार्थ दोनों से ही हाथ धो बैठता है |

धन्य है वे मनुष्य जिनके भीतर के युद्ध में दैवी वृति की विजय होती है, वे उतरोतर परमात्मा के निकट होते जाते है |

किंतु जिनके भीतर आसुरी वृति की विजय होती है – वे भी दो प्रकार के मनुष्य होते है – एक वे जो इस विजय के पश्चात पश्चाताप करते है, स्वंय को दोष देते है, इसे अनुचित मानते है तथा भविष्य में दैवी वृति की विजय के लिए संकल्पबद्ध होते है – उनके उत्थान की संभावनाएं बनी रहती है | किंतु वे मनुष्य भी है जिन्हें इसका कोई पश्चाताप नहीं होता | वे आसुरी वृति की विजय में ही सतुंष्ट रहते है या कहना चाहिए कि उनके भीतर युद्ध का जन्म ही नहीं होता | वे आसुरी जीवन से ही संतुष्ट है | अविधा, अज्ञान, आलस्य, अशांति में ही संतुष्ट है | उनके उत्थान की संभावनाएं भी समाप्त हों जाती है |


किंतु मनुष्य को जीवन मिला है – देवता बनने के लिए, असुर बनने के लिए नहीं | अत: अपने भीतर के देवत्व को जागृत कीजिये |  





2 comments:

  1. “Life is filled with unanswered questions, but it is the courage to seek those answers that continues to give meaning to life.

    ReplyDelete
  2. मार्गदर्शन के लिए बहुत बहुत धन्यवाद गुरुवर। 👃👃

    ReplyDelete